
आगरा। मोहब्बत की मिसाल और दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। ईद-उल-अजहा यानी बकरीद के मुकद्दर मौके पर कल (बृहस्पतिवार) ताजमहल में नमाजियों और आम पर्यटकों के लिए तीन घंटे का निशुल्क प्रवेश (Free Entry) घोषित किया गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
हर साल की तरह इस बार भी ताजमहल परिसर में स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद में ईद की पारंपरिक नमाज अदा की जाएगी। चांद के दीदार के अनुसार, इस वर्ष 28 मई को देश भर में बकरीद का त्योहार अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रशासन और एएसआई ने नमाजियों की सहूलियत के लिए यह विशेष व्यवस्था की है।
सुबह 7 से 10 बजे तक बंद रहेंगे टिकट काउंटर: डॉ. स्मिथा कुमार
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिथा कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बकरीद के त्योहार को देखते हुए बृहस्पतिवार सुबह 7 बजे से लेकर 10 बजे तक ताजमहल में प्रवेश के लिए कोई टिकट नहीं लगेगा। इस तय समय सीमा के दौरान मुख्य प्रवेश द्वारों पर बने टिकट काउंटर पूरी तरह से बंद रहेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल सुबह के तीन घंटों के लिए ही मान्य होगी। 10 बजते ही पुरानी व्यवस्था फिर से लागू हो जाएगी और पर्यटकों को टिकट खरीदकर ही परिसर में प्रवेश मिलेगा।
पर्यटकों को भी मिलेगा फायदा, लेकिन मुख्य मकबरे के लिए लगेगा टिकट
ASI द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, इस तीन घंटे की अवधि में न केवल नमाज अदा करने वाले स्थानीय लोग, बल्कि देश-विदेश से आने वाले आम पर्यटक भी बिना किसी टिकट के ताजमहल परिसर में दाखिल हो सकेंगे। हालांकि, पर्यटकों के लिए एक जरूरी नियम जानना बेहद आवश्यक है।
महत्वपूर्ण नोट: भले ही परिसर में प्रवेश मुफ्त है, लेकिन ताजमहल के मुख्य गुंबद (शांहजाह और मुमताज के मुख्य मकबरे) पर जाने के लिए लगने वाला 200 रुपये का अतिरिक्त टिकट शुल्क लागू रहेगा। यदि कोई पर्यटक मुख्य मकबरे के अंदर जाना चाहता है, तो उसे यह शुल्क देना ही होगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, नमाजियों को केवल शाही मस्जिद तक जाने की अनुमति
त्योहार के दौरान ताजमहल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद चाक-चौबंद किया गया है। सीआईएसएफ (CISF) और स्थानीय पुलिस बल को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। एएसआई के अधिकारियों के अनुसार, निशुल्क प्रवेश के दौरान सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
नमाज पढ़ने आने वाले अकीदतमंदों को केवल ताजमहल परिसर में स्थित शाही मस्जिद तक ही जाने की अनुमति होगी। सुरक्षा जांच के बाद ही सभी को अंदर प्रवेश दिया जाएगा। बिना वजह वीआईपी या प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने की मनाही होगी।
भीषण गर्मी के चलते ईदगाह में सुबह 6:45 बजे होगी नमाज
उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) का प्रकोप जारी है। सुबह होते ही तापमान तेजी से बढ़ने लगता है। इसे ध्यान में रखते हुए आगरा की मुख्य ईदगाह में नमाज के समय में थोड़ा बदलाव किया गया है।
गर्मी के चलते इस बार आगरा ईदगाह में बकरीद की मुख्य नमाज सुबह 6:45 बजे ही अदा की जाएगी, ताकि लोग तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी से बच सकें। वहीं ताजमहल की शाही मस्जिद में नमाज का समय एएसआई की गाइडलाइन (सुबह 7 से 10 बजे के बीच) के अनुसार ही संपन्न होगा।



