आगरा। देश के पांच राज्यों में लोकतांत्रिक उत्सव यानी चुनाव की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के बाद, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार मंगलवार को अपने गृह जनपद आगरा पहुंचे। मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद अपने इस पहले गृह जनपद दौरे पर वे बेहद भावुक और अध्यात्म के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में संदेश दिया कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत बनाए रखने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

​ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार सुबह मीडिया से बातचीत करते हुए एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है।” इसके साथ ही उन्होंने देश के सभी नागरिकों से समय पर अपना वोट बनवाने और आगामी चुनावों में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।

​माता-पिता का लिया आशीर्वाद, पैतृक आवास पर हुआ जोरदार स्वागत

​मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार शाम करीब चार बजे अपने आगरा के विजय नगर कॉलोनी स्थित पैतृक आवास पर पहुंचे। घर की दहलीज पर कदम रखते ही देश के शीर्ष चुनावी सिपहसालार की भूमिका से इतर, वे एक समर्पित बेटे के रूप में नजर आए। उन्होंने सबसे पहले अपनी माता सत्यवती और पिता डॉ. सुबोध गुप्ता के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

​जैसे ही स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों को उनके आगमन की सूचना मिली, विजय नगर कॉलोनी में उत्सव का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट किए और पटका पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान ज्ञानेश कुमार ने सभी का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया।

​सुबह 6 बजे कैलाश मंदिर में जलाभिषेक, पूर्वजों की छतरी को किया नमन

​ज्ञानेश कुमार अपने इस दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मंगलवार सुबह करीब 6 बजे सिकंदरा स्थित ऐतिहासिक कैलाश मंदिर पहुंचे। सुबह की शांत बेला में उन्होंने अपनी पत्नी अनुराधा कुमार, माता-पिता और अन्य परिजनों के साथ भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।

​कैलाश मंदिर के महंत निर्मल गिरी और गौरव गिरी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को विशेष पूजा-अर्चना कराई और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में ही ज्ञानेश कुमार बेहद भावुक क्षणों के साक्षी बने, जब उन्होंने वहां स्थित अपने पूर्वजों की छतरी (समाधि स्थल) पर जाकर भावपूर्ण पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया।

​राधाकृष्ण मंदिर में भी टेका माथा, पत्नी संग की विशेष पूजा

​कैलाश मंदिर में दर्शन और मीडिया से बातचीत के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का काफिला सुबह करीब 7 बजे विजय नगर कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध राधाकृष्ण मंदिर पहुंचा। यहाँ उन्होंने अपनी पत्नी अनुराधा के साथ भगवान राधा-कृष्ण की आरती की और आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंधन और स्थानीय समाज द्वारा इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए। परिजनों के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार जब भी आगरा आते हैं, इन धार्मिक स्थलों पर शीश नवाना नहीं भूलते।

​”पारदर्शिता ही हमारी ताकत”, चुनावों को लेकर दिया बड़ा भरोसा

​कैलाश मंदिर परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने आगामी चुनावी रणनीतियों और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर खुलकर बात की। उन्होंने पांच राज्यों के चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी टीम को बधाई दी।

​ज्ञानेश कुमार ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा, “आने वाले समय में देश में जितने भी चुनाव होंगे, वे पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में आयोजित किए जाएंगे।” उन्होंने तकनीकी सुधारों और मतदाता जागरूकता को चुनाव आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि जैसे ही वे 18 वर्ष के हों, तुरंत अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं