
एकता और अनुशासन की भावना से ओतप्रोत कैडेट्स ने मार्च कर जनमानस को किया राष्ट्रीय चेतना के प्रति जागरूक
आगरा कॉलेज, आगरा की गर्ल्स विंग द्वारा आज, 30 नवंबर को, 78वें एनसीसी डे समारोह के समापन पर एक भव्य एनसीसी परेड का आयोजन किया गया। यह आयोजन युवा शक्ति को संगठित करने, प्रशिक्षित करने और उनमें देशभक्ति की भावना भरने वाले विश्व के सबसे बड़े अनुशासित युवा संगठन नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) के महत्व को रेखांकित करता है।
राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा शहर

परेड में शामिल कैडेट्स ने आगरा कॉलेज से सेंट जॉन्स कॉलेज तक मार्च किया और फिर वापस कॉलेज लौटे। इस दौरान उन्होंने जनमानस को एनसीसी के महत्व और राष्ट्रीय चेतना के प्रति जागरूक किया। मार्च के दौरान कैडेट्स के जोशीले नारों जैसे – “एकता और अनुशासन, एनसीसी की पहचान”, “हम सब भारतीय हैं”, “वंदे मातरम”, और “एनसीसी जिंदाबाद” ने वातावरण को राष्ट्रीय अखंडता की भावना से भर दिया।
एक सप्ताह तक चले रचनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम
गर्ल्स विंग की कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम ने बताया कि एनसीसी डे प्रत्येक वर्ष नवंबर माह के चौथे रविवार को मनाया जाता है। इस वर्ष एक सप्ताह तक चले इस आयोजन में कैडेट्स ने ड्रिल, परेड के अभ्यास के साथ-साथ कई रचनात्मक एवं प्रेरणादायक गतिविधियों में हिस्सा लिया। इनमें पोस्टर मेकिंग, रंगोली, भाषण प्रतियोगिता, डिजिटल मीडिया पर जागरूकता क्लिप बनाना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल थीं।
युवाओं के समग्र विकास का मंच है एनसीसी

परेड के समापन पर कैप्टन रीता निगम ने एनसीसी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं को संगठित, प्रशिक्षित और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत बनाता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी में ड्रिल, परेड, रचनात्मक कार्यों और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक-सांस्कृतिक जागरूकता का समग्र विकास होता है।
गणमान्य प्राध्यापकों ने बढ़ाया कैडेट्स का उत्साह
इस भव्य परेड के अवसर पर प्रो. गीता माहेश्वरी, प्रो. दिग्विजय नाथ राय, प्रो. अमित रावत, प्रो. संतोष सिंह, डॉ. केशव सिंह, डॉ. राम पाल सिंह, डॉ. रोहित पटवा सहित अन्य गणमान्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। उन्होंने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और उन्हें राष्ट्र के प्रति कर्तव्यपरायणता हेतु प्रेरित किया।
इस परेड और सप्ताहभर चलने वाली गतिविधियों में एसयूओ आकृति सिंह, यूओ राजेश कुमारी, यूओ बबली, यूओ श्रद्धा, वंशिका, काजल, सुनेना, कशिश, अंतरा, भूमिका, श्रुति, प्रतिभा यादव, कविता शर्मा, प्रियंका, खुशी, मनीषा, पारुल, अंशु सहित 84 कैडेट्स ने सक्रिय प्रतिभाग किया।




