
विशेष पुनरीक्षण अभियान में शीला देवी, देवेंद्र सिंह और शुभम अवस्थी ने किया शानदार प्रदर्शन; मतदाताओं से तुरंत सहयोग की अपील
आगरा: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (Special Intensive Revision – SIR-2026) का महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा से पहले ही शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए आगरा के तीन सर्वश्रेष्ठ बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को जिला मजिस्ट्रेट (DM) अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने सम्मानित किया है। यह सम्मान कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।
रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन: ये हैं आगरा के टॉप 3 BLO
डीएम बंगारी ने इन BLOs की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि इनकी दक्षता और समर्पण अन्य कर्मचारियों के लिए एक मिसाल है। सम्मानित होने वालों में निम्नलिखित BLO शामिल हैं:
1. शीला देवी (एत्मादपुर विधानसभा):
मतदेय स्थल संख्या: 395, प्राथमिक विद्यालय नगला बेल उपलब्धि: इन्होंने जिले में सबसे पहले 100% डाटा फीडिंग का काम पूरा किया। 500 में से 500 मतदाताओं के गणना प्रपत्रों (Enumeration Forms) का वितरण, संकलन और BLO ऐप के माध्यम से डिजिटाइजेशन सबसे कम समय में कर दिया, जो जिले में एक रिकॉर्ड है।
2. देवेंद्र सिंह (फतेहपुर सीकरी विधानसभा):
मतदेय स्थल संख्या: भाग संख्या-3, प्राथमिक विद्यालय उत्तू उपलब्धि: इन्होंने भी 462 में से 462 मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन का काम शत-प्रतिशत पूर्ण किया।
3. शुभम अवस्थी (बाह विधानसभा):
मतदेय स्थल संख्या: 13, प्राथमिक विद्यालय, पापरीनागर कम्पोजिट उपलब्धि: इन्होंने भी SIR-2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय से पहले ही 100% पूरा कर अपनी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
डीएम की मतदाताओं से अपील: आखिरी दिन का इंतजार न करें
जिला निर्वाचन अधिकारी (DM) अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने इस अवसर पर जिले के सभी मतदाताओं से महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा, “विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) के तहत गणना प्रपत्रों की सभी प्रविष्टि पूर्ण कर संबंधित BLO को तत्काल प्रदान कर दें। कृपया आखिरी दिन का इंतजार न करें।
“उन्होंने मतदाताओं से सक्रिय सहयोग प्रदान करने और गणना पत्र की प्रविष्टियों को सही-सही भरकर इस विशेष अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।




