
उच्च शिक्षा की 200 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को मिलेगा नया आयाम
आगरा, उत्तर प्रदेश: शिक्षा जगत की एक गौरवशाली विरासत को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए, ऐतिहासिक आगरा कॉलेज, आगरा अपनी स्थापना के 200 वर्ष पूर्ण होने पर एक भव्य समारोह का आयोजन करने जा रहा है। यह विशेष आयोजन 21 नवंबर, 2025 को प्रातः 11 बजे से महाविद्यालय परिसर में होगा, जो कॉलेज के दो सदियों की शैक्षणिक धरोहर को भविष्योन्मुखी बनाएगा।
‘गंगाधर शास्त्री मंडप’ में होगा मुख्य कार्यक्रम
इस ऐतिहासिक अवसर के लिए, प्राचार्य निवास के पीछे आगरा कॉलेज की भूमि पर एक विशेष अस्थायी सभास्थल का निर्माण किया गया है, जिसे इसके संस्थापक पंडित गंगाधर शास्त्री के नाम पर “गंगाधर शास्त्री मंडप” नाम दिया गया है। मुख्य कार्यक्रम इसी मंडप में आयोजित होगा।
समारोह का मुख्य आकर्षण चिर-प्रतीक्षित नवनिर्मित परिसीमा दीवार (बाउंड्री वॉल) का लोकार्पण और उत्तर प्रदेश शासन द्वारा स्वीकृत कई नए शैक्षणिक संस्थानों एवं केंद्रों का शिलान्यास होगा। यह आयोजन महाविद्यालय के विकास और विस्तार की दिशा में एक स्वर्णिम अध्याय सिद्ध होगा।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय करेंगे शुभारंभ
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (उच्च शिक्षा), श्री योगेंद्र उपाध्याय होंगे, जो अपने कर-कमलों से लोकार्पण एवं शिलान्यास कर इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडलायुक्त, आगरा एवं अध्यक्ष, आगरा कॉलेज प्रबंध समिति, शैलेंद्र कुमार सिंह (आई.ए.एस.) करेंगे।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर विश्वविद्यालय एवं प्रशासन जगत के कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे, जो कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाएंगे:
अतिविशिष्ट अतिथि: प्रो. आशू रानी, कुलपति, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा।
विशिष्ट अतिथि: दीपक कुमार (आई.पी.एस.), पुलिस आयुक्त, आगरा।
विशिष्ट अतिथि: अरविंद कुमार बंगारी जिलाधिकारी आगरा।
कॉलेज प्रबंध समिति के सदस्यगण।
भविष्य की नींव: शिलान्यास हेतु स्वीकृत प्रमुख संस्थान
द्वि-शताब्दी वर्ष की पूर्णता के इस ऐतिहासिक अवसर पर, जिन नवीन शैक्षणिक संस्थानों एवं केंद्रों का शिलान्यास किया जाएगा, वे महाविद्यालय के शैक्षणिक परिधि एवं प्रतिष्ठा का विस्तार करेंगे, साथ ही शोध, नवाचार और व्यावसायिक प्रशिक्षण के नए अवसर विकसित करेंगे।
शिलान्यास हेतु स्वीकृत प्रमुख संस्थान:
आचार्य चाणक्य परीक्षा भवन
गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययन संस्थान
गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर विदेशी भाषा अध्ययन केंद्र
पं० गंगाधर शास्त्री प्राच्य विद्या, भाषा और संस्कृति अध्ययन केंद्र
डॉ० भीमराव अंबेडकर सामाजिक न्याय अध्ययन केंद्र
ब्रज कौशलधाम कौशल विकास संस्थान
यू० जी० सी० एच० आर० डी० अकादमिक स्टाफ कॉलेज
आगरा कॉलेज आगरा अतिथि गृहमहाविद्यालय में उत्साह का वातावरण
प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने बताया कि यह आयोजन आगरा कॉलेज की निरंतर प्रगति, शैक्षिक उत्कृष्टता और समृद्ध विरासत का सशक्त प्रतिबिंब है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुदृढ़ शैक्षणिक आधार स्थापित करेगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं पिछले कई दिनों से सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हैं। एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स रेंजर्स के विद्यार्थी अतिथियों की गारद सलामी लेंगे और कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे। कॉलेज के पुरा छात्रों, सेवानिवृत्त शिक्षकों और नगर के जन प्रतिनिधियों सहित पत्रकार बंधुओं को भी आमंत्रित किया गया है।
प्राचार्य ने सभी स्टेकहोल्डर्स से इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




