आगरा। थाना सदर के चौकी इन्फेट्री लाइन चौकी क्षेत्र के दुर्गा नगर में आज सुबह खाली प्लाट मे 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

परिजन युवक की हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी है।आज सुबह जब लोग घर से बाहर निकले तो उन्हें खाली पड़े प्लाट में खड़ी एक चार पहिया गाडी की साइड से शव पड़ा दिखाई दिया। शव को देखते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आनन फ़ानन में लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पूछताछ कर शिनाख्त की कोशिश की। इसी बीच परिजनों को भी सूचना मिल गई। वे भी मौके पर पहुंच गए।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय विष्णु के रूप में हुई।बताया जाता है कि मृतक विष्णु बीच का उखर्रा का रहने वाला था और तंदूर का कारीगर था। वह प्रतिदिन काम पर जाया करता था। कल भी घर से काम पर गया था पर रात में नहीं लौटा। कभी कभी वह रात में घर नहीं लौट पाता था, इसलिए घर वालों ने गौर नहीं किया।

आज जैसे ही उसकी मौत की खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उसकी हत्या का आरोप लगा रहे है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है। मौत का कारण उसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस बीच पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।