पुलिस ने रेड की खबरों को नकारा, जांच में जुटी; घटना के बाद ‘कथित बॉयफ्रेंड’ और स्टाफ फरार होटल के कमरे में मिला बर्थडे सेलिब्रेशन का सामान, स्थानीय लोगों ने अराजक गतिविधियों पर उठाए सवाल

आगरा। मंगलवार दोपहर आगरा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम स्थित आरवी लोधी कॉम्प्लेक्स के होटल द हेवन में एक युवती पहली मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सबसे चौकाने वाली बात यह है कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब वह गिरी तो उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था।

राहगीरों ने तत्काल चादर से उसे ढंका और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आनन-फानन में घायल युवती को पश्चिमपुरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। युवती की पहचान खेरिया मोड़ निवासी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद, युवती का कथित बॉयफ्रेंड और होटल स्टाफ मौके से फरार हो गया, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।

हादसा या ‘रेड’ से बचने की कोशिश?

घटना के कारणों को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि युवती के गिरने के समय होटल में पुलिस की रेड (छापेमारी) चल रही थी। उनका कहना है कि रेड से बचने की हड़बड़ी में युवती कमरे से भागकर छत की तरफ बने एक संकरे डक्ट में छिपने की कोशिश कर रही थी। लेकिन डक्ट कमजोर होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे आ गिरी।

हालांकि, पुलिस प्रशासन ने ‘रेड’ के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।

एसीपी अक्षय महादिक ने बताया, “होटल द हेवन से एक युवती के गिरने की सूचना मिलने के बाद ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल युवती को तुरंत अस्पताल भेजा गया है। होटल में किसी भी तरह की रेड नहीं डाली गई थी। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

जन्मदिन की सजावट और फरार आरोपी

पुलिस टीम ने जब होटल के कमरे नंबर-4 की जांच की, तो वहां का दृश्य सवालों को और गहरा कर गया। कमरे में बर्थडे सेलिब्रेशन के साक्ष्य मिले, जैसे कि गुब्बारे और सजावट की लाइटें। आशंका है कि युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ इसी कमरे में थी और दोनों में से किसी एक का जन्मदिन मनाया जा रहा था। अन्य कमरे अस्त-व्यस्त हालत में पाए गए।

लोगों ने होटल में अक्सर संदिग्ध लोगों के आने-जाने और देर रात तक अराजक गतिविधियों के होने का आरोप लगाया है, जिससे इलाके के निवासी परेशान हैं।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने अब होटल के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही, होटल के रिकॉर्ड और रजिस्टर की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवती और फरार हुआ युवक किस नाम से होटल में रुके थे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे फरार युवक और होटल कर्मियों की तलाश में दबिश दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवती की हालत स्थिर होते ही उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिससे घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी।