
अखिलेश यादव पर साधा निशाना; बोले – अब अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं
आगरा, उत्तर प्रदेश: प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आगरा दौरे के दौरान जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में फैली गंदगी और व्यवस्थाओं में मिली कमियों पर गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अब अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं।
सपा पर साधा निशाना, बोले – अराजकता का अड्डा बन गया था माहौल
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार में गुंडागर्दी और अराजकता आम बात थी। उन्होंने कहा कि उस समय आगरा की सड़कों पर चौथ वसूली होती थी, लेकिन आज भाजपा सरकार में अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान मिली खामियां

अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचे बृजेश पाठक ने जिला अस्पताल पहुंचते ही सबसे पहले वार्डों का मुआयना किया। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधा संवाद किया और उनसे इलाज, भोजन और दवाओं की उपलब्धता के बारे में पूछा। हालांकि, मरीजों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, लेकिन डिप्टी सीएम ने अस्पताल परिसर में मौजूद गंदगी, विशेषकर पार्क में फैली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पूछताछ केंद्र और स्ट्रेचर कक्ष को भी खुलवाकर देखा और कैंटीन की स्थिति का जायजा लिया।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश

निरीक्षण के बाद डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों को बेहतर इलाज और संतुष्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी डॉक्टर बाहर से दवा लिखता है या ऑक्सीजन प्लांट बंद पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी मरीज बिना इलाज के वापस न जाए। निरीक्षण और बैठक के बाद डिप्टी सीएम पाठक सूरसदन में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए।