
आगरा में बन रहा 250 फुट लंबा और 125 फुट ऊंचा महल, 1500 लोगों के बैठने की व्यवस्था
आगरा के कमला नगर में इस बार का जनकपुरी महोत्सव बेहद खास होने वाला है। इस साल पारंपरिक जनक महल की जगह मिथिला महल का निर्माण किया जा रहा है, जो अपनी भव्यता और सुंदरता से लोगों का मन मोह लेगा। जोधपुर के एक भव्य महल की थीम पर बन रहे इस महल की तैयारियां ज़ोरों पर हैं, जिसका एक ड्रोन वीडियो भी सामने आया है।

आयोजन में अब सिर्फ चार दिन बचे हैं, ऐसे में कोलकाता से आए 80 कारीगर दिन-रात काम में लगे हुए हैं ताकि 15 सितंबर तक पूरा क्षेत्र पूरी तरह से तैयार हो सके। मेकर्स के मुताबिक, मिथिला महल की लंबाई 250 फुट और ऊंचाई 125 फुट है। इसे वॉटरप्रूफ बनाने के लिए खास केमिकल का इस्तेमाल किया गया है। महल को पारंपरिक खिड़कियों, दरवाजों और दरबारी स्वरूपों से सजाकर एक शाही रूप दिया जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक झांकियां
कमला नगर के शिवम पार्क में बने इस महल के अलावा, लक्ष्मण पार्क में आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी जो महोत्सव का मुख्य आकर्षण होंगी। वहीं, पास के सत्यम पार्क में बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए करीब 12 तरह के झूले लगाए जा रहे हैं।पूरे महल परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, गमलों और फव्वारों से सजाया जा रहा है। साथ ही, यहां 12 ज्योतिर्लिंगों की सुंदर झांकियां भी लगाई जाएंगी। पूरे क्षेत्र में कुल 45 द्वार बनाए जा रहे हैं, जिनमें दो भव्य सिंहद्वार मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे।
महोत्सव में होंगे ये खास कार्यक्रम
जनकपुरी महोत्सव 14 सितंबर से शुरू होकर 21 सितंबर तक चलेगा, जिसमें कई सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
14 और 15 सितंबर: समिति द्वारा मिथिला नगरी के आसपास आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी।
15 सितंबर को राजा जनक, राजा दशरथ को विवाह के लिए आमंत्रित करेंगे।
16 सितंबर: मेहंदी का आयोजन होगा।
17 सितंबर: प्रभु श्रीराम बारात लेकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। *
18 से 20 सितंबर: जनकपुरी में माता सीता के साथ प्रभु श्रीराम के विवाह के विभिन्न कार्यक्रम होंगे।