आगरा। उत्तर प्रदेश कि योगी सरकार में आर्थिक मजबूती बढ़ी है। प्रति व्यक्ति इनकम भी बढ़ी है। आर्थिक दृष्टि से प्रदेश काफी मजबूत हुआ है। भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतर रही है। यह कहना है आगरा पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना का। वाह जिला मुख्यालय स्थित कोषागार के नवनिर्मित पेंशनर्स कक्ष का लोकार्पण करने आए थे।

लोकार्पण समारोह के बाद उन्होंने पौधारोपण भी किया। कार्यकम के बाद पत्रकारों से बातचीत में वित्त मंत्री खन्ना ने कहा कि कोषागार में एक करोड़ 26 लाख रुपए से विकास कार्य हुए हैं। कोषागार में आने वाले पेंशनर्स की सुविधाओं का नये कक्ष में पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा जब से योगी के नेतृत्व में सरकार में आए हैं, तब से प्रदेश आर्थिक मोर्चे पर सफलता के झंडे गाड़ रहा है। उन्होंने बताया जब भाजपा सरकार में आई थी तब एक लाख करोड़ का एक्सपोर्ट था, जो आज दो लाख करोड़ से ज्यादा का हो गया है।

वित्त मंत्री ने कहा कि योगी की सरकार में पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट फंक्शनल है। जिसमें से चार एक्टिव हैं और एक जल्द एक्टिव होगा। ओडीओपी और एमएसएमई की वजह से यूपी में व्यापार बढ़ा है और युवाओं को रोजगार भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम योगी की प्राथमिकता प्रदेश के लिए 25 करोड़ लोगों को खुशहाल रखने की है। इसीलिए कानून व्यवस्था से लेकर विकास कार्यों तक सब पर उनकी सीधी नजर है।

आर्थिक मोर्चे पर प्रदेश की मजबूती पर नीति आयोग से लेकर विभिन्न एजेंसियां तारीफ़ कर चुकी हैं। इस मौके पर जिला मुख्यालय पर उन्हें गार्ड ऑफ़ ओनर दिया गया। लोकार्पण समारोह में मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, विधायक छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता आदि मौजूद थे।