उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया आचार्य चाणक्य परीक्षा भवन, कौशल विकास संस्थान समेत 8 प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास; कॉलेज की 200 वर्षों की विरासत को नई दिशा

आगरा। आगरा कॉलेज ने अपने 200 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक ऐतिहासिक और भव्य लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन किया। कॉलेज की 35 बीघा भूमि पर नवनिर्मित “गंगाधर शास्त्री मंडप” में आयोजित इस कार्यक्रम ने कॉलेज की समृद्ध शैक्षणिक विरासत में एक नया अध्याय जोड़ दिया।

गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ मुख्य अतिथि का स्वागत

समारोह का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (उच्च शिक्षा) योगेंद्र उपाध्याय के आगमन पर एनसीसी यू.पी. बटालियन द्वारा दिए गए ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता आगरा मंडल के मंडलायुक्त एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री शैलेंद्र कुमार सिंह (आई.ए.एस.) ने की। मंच पर आगरा कैंट विधायक डॉ जी एस धर्मेश और विभिन्न गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

35 बीघा भूमि पर नई शैक्षणिक संभावनाओं का केंद्र

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने स्वागत भाषण में बताया कि कॉलेज की स्थापना 21 नवंबर 1823 को पंडित गंगाधर शास्त्री द्वारा दान की गई भूमि पर हुई थी। उन्होंने बताया कि वर्षों से अप्रयुक्त पड़ी 35 बीघा भूमि को पुलिस प्रशासन के सहयोग से पुनः उपयोग में लाया गया है। इस भूमि पर अब जो नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, वे आने वाली पीढ़ियों के विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए नई संभावनाओं का केंद्र बनेंगी।

मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय ने इस आयोजन को पंडित गंगाधर शास्त्री को सच्ची श्रद्धांजलि बताया। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना न केवल महाविद्यालय बल्कि प्रदेश की उच्च शिक्षा प्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देगी। उन्होंने युवाओं को देश निर्माण में भागीदारी, कौशल विकास और ज्ञान-विज्ञान आधारित शिक्षा पर बल दिया।

लोकार्पित और शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाएं

मुख्य अतिथि द्वारा कॉलेज में शोध, नवाचार और व्यावसायिक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए जिन 8 प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, वे इस प्रकार हैं:

आचार्य चाणक्य परीक्षा भवन

गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययन संस्थान

गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर विदेशी भाषा अध्ययन केंद्र

पं. गंगाधर शास्त्री प्राच्य विद्या, भाषा एवं संस्कृति अध्ययन केंद्र

डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक न्याय अध्ययन केंद्र

ब्रज कौशलधाम कौशल विकास संस्थान

यूजीसी-एचआरडी अकादमिक स्टाफ कॉलेज

आगरा कॉलेज अतिथि गृह

संस्थापक के वंशजों का भावुक आगमन

इस ऐतिहासिक अवसर पर एक अत्यंत भावुक क्षण तब आया, जब कॉलेज के संस्थापक पंडित गंगाधर शास्त्री की सातवीं पीढ़ी के वंशज बिहार के गया के निकट स्थित ग्राम करहरी से कार्यक्रम में सम्मिलित होने पहुँचे। उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। शास्त्रीजी के परिजनों ने गंगाधर शास्त्री और आगरा कॉलेज से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी प्राचार्य को सौंपे, जिससे कॉलेज के इतिहास से जुड़े नए आयाम सामने आए।

मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने शिक्षकों से छात्रों के लिए आचरण से प्रेरणा स्रोत बनने का आह्वान किया और छात्रों को नैतिक मूल्यों एवं लक्ष्य-साधना को सफलता की आधारशिला बनाने की सलाह दी।

समारोह में वार्षिक पत्रिका “वाणी” के द्विशताब्दी वर्ष विशेषांक का विमोचन भी किया गया। धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएट प्रोफेसर शशिकांत पांडेय ने किया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शशिकांत पांडे एवं प्रो. शैफाली चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से किया।