
अदिति ने प्रथम और इला ने पंचम स्थान पाकर बढ़ाया कॉलेज का गौरव
आगरा, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा द्वारा आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज, आगरा की छात्राओं ने अपनी तीक्ष्ण बुद्धि और सशक्त अभिव्यक्ति से शानदार प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग की ओर से विवेकानंद खंडारी परिसर स्थित जे.एन.बी. सभागार में यह महत्त्वपूर्ण प्रतियोगिता संपन्न हुई।
युवाओं के नेतृत्व पर केंद्रित था विषय
प्रतियोगिता का विषय “Empower youth to lead localized solutions for climate adaptation and mitigation” (जलवायु अनुकूलन और शमन के लिए स्थानीय समाधानों का नेतृत्व करने हेतु युवाओं को सशक्त करें) था। इस ज्वलंत और वैश्विक मुद्दे पर विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। आगरा कॉलेज, आगरा की छात्राओं ने अपने विषय ज्ञान और प्रभावी वक्तृत्व कौशल से निर्णायक मंडल और उपस्थित श्रोताओं का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया।
अदिति और इला ने दिलाई कॉलेज को पहचान
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच, आगरा कॉलेज की छात्रा अदिति ने अपने प्रभावशाली तर्कों और स्पष्ट प्रस्तुति के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया। वहीं, एक अन्य छात्रा इला ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए पंचम स्थान हासिल किया।
प्राचार्य ने दी बधाई, बताया गर्व का क्षण
छात्राओं की इस शानदार सफलता पर महाविद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने दोनों विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि, “यह सफलता न केवल छात्राओं की व्यक्तिगत प्रतिभा को दर्शाती है, बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए एक गर्व का विषय है। यह अन्य विद्यार्थियों को भी इस प्रकार की बौद्धिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी।
“सांस्कृतिक समिति के संयोजक प्रो. मृणाल शर्मा ने भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और प्रबंधकारिणी के सदस्यों ने विजेता छात्राओं को बधाई दी।




