विश्व दलिया दिवस पर विशेष: नई दिल्ली: 10 अक्टूबर को विश्व दलिया दिवस के अवसर पर, वाइल्डलाइफ एसओएस (Wildlife SOS) ने एक ऐसे साधारण लेकिन प्रभावी नुस्खे पर प्रकाश डाला है जो उनके बचाए गए स्लॉथ भालुओं के जीवन को बदल रहा है: सावधानीपूर्वक तैयार किया गया दलिया। देश भर में वन विभाग के सहयोग से चल रहे पुनर्वास केंद्रों में, यह दलिया महज़ एक भोजन नहीं है, बल्कि एक वैज्ञानिक रूप से डिज़ाइन किया गया आहार है जो उपेक्षा के शिकार भालुओं को जलयोजन, बेहतर पाचन और संपूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है।

दलिया: पोषण विज्ञान का उत्तम संतुलन

वाइल्डलाइफ एसओएस में, दलिया पोषण विज्ञान का एक कारगर रूप है। वर्षों तक कैद और कुपोषण झेल चुके इन भालुओं के लिए, हर दलिए की प्लेट उनकी शारीरिक और मौसमी ज़रूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जाती है। यह एक संतुलित पोषण सुनिश्चित करता है, जो इन जानवरों के पुनर्वास कार्यक्रम का एक अनिवार्य हिस्सा है।

वाइल्डलाइफ एसओएस के पशु चिकित्सा सेवाओं के उप निदेशक, डॉ. एस इलियाराजा बताते हैं, “दलिया हमारे भालू पुनर्वास कार्यक्रमों में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह संतुलित पोषण, जलयोजन और आसानी से पचने योग्य होने के साथ-साथ भालू के स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक सब कुछ प्रदान करता है।

मौसमी अनाज का मिश्रण और अतिरिक्त प्रोटीन का तड़का

वाइल्डलाइफ एसओएस का दलिया फ़ॉर्मूला रागी, ज्वार और बाजरा का एक खास मौसम-अनुकूल मिश्रण है।

गर्मी में: शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने के लिए रागी की मात्रा बढ़ाई जाती है।

सर्दियों में: गर्मी और चयापचय (metabolism) को बढ़ावा देने के लिए बाजरा को प्राथमिकता दी जाती है।

इस पौष्टिक अनाज के आधार में छोले (भिगोए, उबले और मसले हुए) भी शामिल होते हैं। इसके अलावा, प्रत्येक भालू को मानक आहार के हिस्से के रूप में प्रतिदिन एक उबला अंडा दिया जाता है। सर्दियों में, सभी भालुओं को अतिरिक्त पोषण के लिए चिकन सूप दिया जाता है; अगर किसी भालू को सूप पसंद नहीं है, तो विकल्प के रूप में एक उबला अंडा परोसा जाता है।

स्वास्थ्य और गतिविधि के स्तर के अनुसार खुराक

प्रत्येक भालू को प्रतिदिन लगभग 8-9 किलोग्राम दलिया मिलता है, जिसकी मात्रा उनके स्वास्थ्य और गतिविधि के स्तर के अनुसार समायोजित की जाती है। भूख, पाचन और आंत के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए, इस मिश्रण को गुड़ और शहद से हल्का मीठा किया जाता है। कद्दू, गाजर और शकरकंद जैसी सब्ज़ियों के साथ, और ज़रूरत पड़ने पर प्रोटीन के लिए मीलवर्म (Mealworms) भी शामिल किए जाते हैं, ताकि हर भालू को उसकी आहार संबंधी ज़रूरतों के अनुरूप पोषित दलिया मिल सके।

वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ, कार्तिक सत्यनारायण कहते हैं, “हमारे द्वारा परोसे जाने वाला दलिया वर्षों के विज्ञान, करुणा और क्षेत्रीय अनुभव का परिणाम है।” “यह अविश्वसनीय है कि यह साधारण भोजन कैसे बुनियादी पोषण और उन्नत वन्यजीव पुनर्वास दोनों की कसौटी पर खरा उतरता है।”