
आगरा। शहर के प्रतिष्ठित शांति मांगलिक हॉस्पिटल के चेयरमैन सतीश मांगलिक के सुपुत्र और जाने-माने उद्योगपति विवेक मांगलिक का रविवार को अचानक निधन हो गया। महज 54 साल की उम्र में दुनिया से चले जाने की खबर ने पूरे आगरा को सदमे में डाल दिया है। उनकी आकस्मिक मृत्यु का समाचार मिलते ही मांगलिक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी पत्नी और बच्चे तुरंत अबू धाबी के लिए रवाना हो गए।
अबू धाबी एयरपोर्ट पर आया हार्ट अटैक,व्यावसायिक यात्रा के दौरान हुआ हादसा
विवेक मांगलिक अपनी व्यावसायिक यात्रा के लिए पिछले सप्ताह अबू धाबी गए हुए थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रविवार को वे आगरा लौटने वाले थे और उन्होंने अबू धाबी एयरपोर्ट से पोलैंड के लिए फ्लाइट पकड़ी थी। लेकिन विमान में सवार होने के कुछ ही देर बाद अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। एयर होस्टेस ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझा और उन्हें विमान से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पूरी जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शोक में डूबा परिवार और कारोबारी जगत
विवेक मांगलिक के निधन से उनके पिता सतीश मांगलिक, पत्नी, पुत्र और पुत्री गहरे सदमे में हैं। खबर सुनते ही सतीश मांगलिक की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। आगरा के विभव नगर स्थित उनके आवास पर रिश्तेदारों और परिचितों का आना-जाना शुरू हो गया है। विवेक मांगलिक शांति मांगलिक हॉस्पिटल के साथ-साथ कई नर्सिंग कॉलेजों और स्कूलों का भी संचालन कर रहे थे। वे शहर की कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं से भी गहराई से जुड़े हुए थे। उनके निधन से समाज और व्यापार जगत को एक बड़ी और अपूरणीय क्षति हुई है।
समाज की प्रमुख हस्तियों ने व्यक्त किया शोक
विवेक मांगलिक के निधन पर कई सामाजिक और व्यावसायिक हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। शांति मांगलिक नर्सिंग कॉलेज के डायरेक्टर सुरेश चंद गोयल ने कहा कि उनके लिए यह बहुत दुखद क्षण है। बंसल कारपेट के अध्यक्ष प्रवीण बंसल ने इसे एक व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि उन्होंने एक सच्चा और अच्छा दोस्त खो दिया है। सुरीति प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष बलवीर शरण गोयल, योगेश शरण गोयल, मंत्री जेपी बागला, उपाध्यक्ष रामशरण मित्तल, तपन ग्रुप के सुरेश चंद गर्ग, संजय अग्रवाल और मोनो सॉफ्ट के राकेश गुप्ता सहित कई अन्य लोगों ने भी अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।