
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र; आगरावासियों की भावनाओं को स्वर देते हुए सुल्तानगंज पुलिया मेट्रो स्टेशन के नामकरण की अपील
आगरा। देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले आगरा के लाल, शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। आगरा एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर आगरा मेट्रो के ‘सुल्तानगंज पुलिया’ स्टेशन का नाम शहीद पृथ्वी सिंह चौहान के नाम पर रखने की पुरजोर वकालत की है।

शहीद के सम्मान में एकजुट हुए आगरावासी
8 दिसंबर 2021 को तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए विमान हादसे में देश ने अपने पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत को खोया था, उसी हादसे में आगरा के विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान भी वीरगति को प्राप्त हुए थे। विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि समस्त आगरावासी चाहते हैं कि इस महान योद्धा के बलिदान को अक्षुण्ण रखने के लिए शहर के एक प्रमुख स्थल को उनकी पहचान दी जाए।
सुल्तानगंज पुलिया मेट्रो स्टेशन बनेगा श्रद्धा का प्रतीक
वर्तमान में आगरा में मेट्रो का कार्य युद्ध स्तर पर संचालित है। विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि सुल्तानगंज पुलिया मेट्रो स्टेशन का नामकरण शहीद पृथ्वी सिंह चौहान के नाम पर होने से न केवल शहीद के परिवार को सम्मान मिलेगा, बल्कि यह ताजनगरी के युवाओं के लिए देशभक्ति की प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा।
विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने पत्र में कहा: “शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का बलिदान देश और आगरा के लिए गौरव की बात है। उनके नाम को मेट्रो स्टेशन से जोड़ना उन्हें एक सच्ची और भावपूर्ण श्रद्धांजलि होगी। जनभावनाओं को देखते हुए इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना आवश्यक है।
सोशल मीडिया पर भी मिल रहा समर्थन
इस मांग के सामने आने के बाद आगरा के नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी सहमति जताई है। लोगों का मानना है कि डॉ. धर्मपाल सिंह द्वारा उठाई गई यह मांग हर उस व्यक्ति की आवाज है जो देश के सैनिकों का सम्मान करता है।




