
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी, लायंस क्लब आगरा आधार ने होटल ओपल कोर्टयार्ड में किया अभिनंदन
आगरा।कहते हैं कि अगर इरादे फौलादी हों और सपनों में जान हो, तो सफलता कदम चूमती है। इसी मिसाल को सच कर दिखाया है ताजनगरी की बेटी अवनी गुप्ता ने। ‘मिस दीवा सुपरनेशनल 2025’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर जब अवनी पहली बार अपने शहर आगरा पहुँचीं, तो उनका स्वागत किसी राजकुमारी की तरह किया गया।
सिकंदरा रोड स्थित होटल ओपल कोर्टयार्ड में आयोजित भव्य समारोह में ढोल-नगाड़ों की थाप और फूलों की बारिश के बीच अवनी का अभिनंदन किया गया। यह गौरवशाली कार्यक्रम लायंस क्लब आगरा आधार द्वारा आयोजित किया गया था, जहाँ शहर के गणमान्य नागरिकों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
लक्ष्य अब ‘मिस दीवा ब्यूटी क्वीन इंटरनेशनल’ का खिताब
समारोह के दौरान भावुक और उत्साहित नजर आ रहीं अवनी गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के अटूट विश्वास और अपनी कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने आगामी लक्ष्य साझा करते हुए कहा, “यह तो बस शुरुआत है। अब मेरी नजरें ‘मिस दीवा ब्यूटी क्वीन इंटरनेशनल’ प्रतियोगिता पर हैं, जहाँ मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व कर तिरंगा लहराना चाहती हूँ।
“युवाओं को संदेश देते हुए अवनी ने कहा कि सपने देखना जरूरी है, लेकिन उन्हें हकीकत में बदलने के लिए समर्पण और हार न मानने वाला जज्बा होना चाहिए।
बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं अवनी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेन्द्र चौहान और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव ने अवनी को सम्मानित किया। जितेन्द्र चौहान ने कहा कि अवनी की यह जीत केवल एक परिवार की जीत नहीं है, बल्कि यह आगरा की हर उस बेटी के लिए प्रेरणा है जो छोटे शहर से निकलकर बड़े आसमान को छूना चाहती है।
परिवार का सहयोग ही सफलता की कुंजी
अवनी के पिता नगेंद्र कुमार गुप्ता और माता अलका गुप्ता ने अपनी बेटी की कामयाबी पर गर्व जताया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के सपनों को दबाने के बजाय उन्हें पंख दें। परिवार का सहयोग ही बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। इस खुशी के मौके पर अवनी की बहन रिया, बहनोई प्रिय रंजन सहित क्लब के सचिव ब्रज पाराशर, ओमपाल जादौन, हिमांशु भटनागर, सोनम पाराशर और राहुल गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।




