: दिवाली की रात हुई खूनी वारदात, गंभीर हालत में युवक AIIMS रेफर; भाभी की बहन से शादी कराने का दबाव था या कुछ और?

आगरा, उत्तर प्रदेश: ताजनगरी आगरा के बरहन थाना क्षेत्र के खेड़ी अडू गांव में दिवाली की रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। उत्तराखंड में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी में कार्यरत एक असिस्टेंट इंजीनियर देवर पर उसकी भाभी ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। युवक की अगले महीने शादी होने वाली है, जिससे इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव पैदा कर दिया है।

रात 2 बजे कमरे में घुसकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, खेड़ी अडू गांव निवासी कंचन सिंह के बेटे योगेश कुमार (पांचवें नंबर) जो कि असिस्टेंट इंजीनियर हैं, दिवाली की छुट्टी पर 19 अक्टूबर को घर आए थे। दिवाली की रात, योगेश के बड़े भाई राज बहादुर की पत्नी अर्चना भी बच्चों के साथ मौजूद थीं।

योगेश के भाई मुकेश ने बताया, “रात करीब 2 बजे भाभी अर्चना, घर के बाहर वाले कमरे में सो रहे योगेश के कमरे में घुसीं। अंदर से कुंडी बंद करके उन्होंने चाकू से हमला कर योगेश का प्राइवेट पार्ट काट दिया।” योगेश की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि योगेश खून से लथपथ छटपटा रहा था और उसकी भाभी अर्चना वहीं खड़ी थी।

गंभीर हालत में दिल्ली AIIMS रेफर

परिवार ने आनन-फानन में घायल योगेश को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रेफर कर दिया।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि योगेश की शादी अगले महीने नवंबर में मैनपुरी की एक लड़की से तय है। इस घटना ने शादी की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया है।

हमले के पीछे दो संभावित कारण

गांव वालों और परिजनों के अनुसार, इस खूनी वारदात के पीछे दो संभावित कारण सामने आ रहे हैं:

शादी का दबाव: आरोप है कि आरोपी भाभी अर्चना अपने देवर योगेश की शादी अपनी सगी बहन से करवाना चाहती थी। लेकिन परिवार ने इसके लिए मना कर दिया और योगेश की शादी मैनपुरी में तय कर दी, जिससे वह नाराज थी।

कमरे में घुसने का आरोप: दूसरी तरफ, एक संभावना यह भी बताई जा रही है कि देवर योगेश भाभी के कमरे में घुस गया था, जिसके बाद आत्मरक्षा या गुस्से में महिला ने यह कदम उठाया। हालांकि, योगेश के परिवार ने इस बात से इनकार किया है।

पुलिस कर रही पूछताछ, पति पत्नी को मायके छोड़ गया

घटना की सूचना मिलने पर बरहन थानाध्यक्ष गुरविंदर सिंह मंगलवार सुबह 5 बजे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया, “वारदात की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। लड़के को दिल्ली रेफर किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला शादी को लेकर सामने आया है।

“इधर, वारदात के वक्त भाभी अर्चना का पति (योगेश का भाई) घर पर नहीं था। सूचना मिलने पर वह गांव आए और बाद में अपनी पत्नी अर्चना को उसके मायके एटा छोड़ गए। पुलिस ने आरोपी भाभी अर्चना को पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के असल मकसद का पता चल सके।