
नाक-कान से खून निकलने पर छात्रा हुई बेहोश, गंभीर हालत में SN मेडिकल कॉलेज रेफर; परिजनों ने पुलिस से की शिकायत
आगरा, उत्तर प्रदेश: स्कूल के यूनिफॉर्म नियमों का पालन न करने पर एक छात्रा के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आगरा के सैंया क्षेत्र में स्थित पंडित मूंगाराम बाबूजी इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा की एक छात्रा को दो चोटी बनाकर न आने पर स्कूल मैनेजर, उनकी पत्नी और एक टीचर ने बेरहमी से पीटा। इस मारपीट के कारण छात्रा के नाक और कान से खून बहने लगा, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।
स्कूल गेट पर रोका गया, फिर शुरू हुई मारपीट
मोहनपुर स्थित पंडित मूंगाराम बाबूजी इंटर कॉलेज की 11वीं की छात्रा ने बताया कि वह रोज की तरह स्कूल पहुंची। गेट पर उसे केवल एक चोटी बनाने के लिए रोक दिया गया। तभी प्रबंधक श्रीभगवान शर्मा वहां आ गए और छात्रा को देर से आने और दो चोटी न बनाने पर फटकार लगाई। प्रबंधक की पत्नी भी वहां मौजूद थीं। छात्रा ने गलती मानते हुए कहा कि वह आज दो चोटी बनाना भूल गई। इस पर बहस बढ़ गई।
टीचर ने चेहरे पर लोटे से मारा, बेहोशी की हालत में रेफर
बहस के दौरान, प्रबंधक की पत्नी ने छात्रा के बाल पकड़ लिए और प्रबंधक ने उसे थप्पड़ मारा। छात्रा के विरोध करने पर एक टीचर ने उसके चेहरे पर लोटे से मार दिया। इस क्रूर हमले से छात्रा के नाक और कान से तुरंत खून बहने लगा और उसकी हालत बिगड़ गई। जैसे ही परिवार वालों को घटना की सूचना मिली, वे तुरंत स्कूल पहुंचे। छात्रा के पिता ने बताया कि जब वे स्कूल पहुंचे तो बेटी के नाक-कान से खून बह रहा था। उसे सैंया के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे एसएन मेडिकल कॉलेज (SN Medical College) रेफर कर दिया। कॉलेज पहुंचते ही छात्रा बेहोश हो गई।
परिजनों की मांग: सख्त कार्रवाई और स्कूल सीज हो
पीड़ित छात्रा के भाई ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा, “मेरी बहन ने सिर्फ दो चोटी नहीं की, तो स्कूल वालों ने उसके साथ इतनी मारपीट की। ऐसे टीचर और स्कूल मैनेजर पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
” उन्होंने मांग की है कि रोज नए-नए नियम बनाने वाले इस स्कूल को सीज (Seal) किया जाए।परिजनों ने स्कूल प्रबंधक श्रीभगवान शर्मा और उनकी पत्नी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




