
आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में ससुरल वालों और पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर हलवाई का काम करने वाले युवक ने शुक्रवार देर रात आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले उसने गले में फंदा डालकर अपनी पत्नी, सास-ससुर और अन्य पर प्रताड़ित कराने का आरोप लगाते हुए वीडियो भी बनाया। जिसमें वह अपनी जायदाद से पत्नी को कुछ न देने की बात भी कह रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ट्रांस यमुना क्षेत्र के पवन विहार निवासी गौरव शादी पार्टियों में हलवाई का काम करता था। उसके सिर से मां-बाप का साया बहुत साल पहले उठ गया था। उसकी तीन बहनें भी हैं, जिनकी उसने रात दिन मेहनत करके शादी भी कर दी थी। मृतक गौरव की शादी सात महीने पहले ही सादाबाद निवासी निशा से हुई थी। मरने से पहले बनाई वीडियो में उसने पत्नी के दूसरे पुरुष से अवैध संबंध होने और ससुरल वालों की प्रताड़ना का जिक्र भी किया है। वहीं ससुरालीजनों ने दो दिन पहले शुक्रवार को सादाबाद थाने में गौरव के खिलाफ तहरीर भी दी थी।
विवेचक ने कई बार फोन करके बुलाया भी पर वह डर की वजह से थाने नहीं गया।मृतक के जीजा दिनेश ने बताया कि गौरव की पत्नी निशा आत्महत्या की धमकी देकर उसे जेल भिजवाने की धमकी देती थी। इसकी शिकायत उसने मार्च में ट्रांस यमुना पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। रोज-रोज की गृह क्लेश की वजह से मंगलवार को वह पत्नी निशा को उसके मायके छोड़ आया था। वहां से दिल्ली काम करने के लिए निकल गया। दरोगा के फोन आने पर गौरव शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे घर आया और उसने वीडियो बनाने के बाद फंदे से लटककर जान दे दी।
घर में वह अकेला था। सुबह फोन नहीं उठाने पर जीजा घर पर पहुंचे। गौरव को फंदे पर लटका देख वह सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच शुरू कर दी। एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय ने बताया मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।