लखनऊ। प्रदेश में प्रचंड गर्मी और लू का कहर जारी है। तपिश के साथ पूर्वा हवाओं के असर से जनजीवन अस्त व्यस्त है। बुधवार को बुंदेलखंड, आगरा मंडल और दिल्ली एनसीआर के जिले प्रचंड गर्मी की चपेट में रहे। वहीं प्रयागराज, उरई, वाराणसी, सुल्तानपुर में भी तपिश और गर्म हवा के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे।

प्रदेश में 45.4 डिग्री सेल्सियस के साथ आगरा शहर सबसे अधिक गर्म रहा,वहीं 25 जिलों में तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। उधर, झांसी में दिन में उमस भरी गर्मी के बाद शाम के वक्त आसमान में बादल छाए और कई स्थानों पर बूंदाबांदी तो कहीं कुछ मिनट के लिए बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। झांसी का अधिकतमतापमान 44.7 डिग्री सेल्यिस दर्ज रहा।

लखनऊ में भी तापमान 42 दर्ज रहा। मौसम विभाग के द्वारापूर्वांचल और आसपास के हिस्सों में बृहस्पतिवार से राहत मिलने के आसार हैं। वहीं पश्चिमी यूपी में दो से तीन दिन और भीषण गर्मी जारी रहेगी।

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। आसमान से आग बरस रही है और कई जगह पारा 45 डिग्री को पार कर गया है। भीषण गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। दो हफ्ते के ठहराव के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून के बृहस्पतिवार से फिर सक्रिय होने और ताजा पश्चिमी विक्षोभ के असर से 13 जून की रात से कई जगह हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जिससे तपिश से थोड़ी राहत मिल सकती है।जम्मू-कश्मीर से पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश बुधवार को भीषण गर्मी के साथ तीव्र लू के थपेड़े झेलते रहे। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के निचले इलाकों में भी झुलसा देने वाली गर्मी महसूस की गई। गर्म हवा चलने और भारी उमस से रात में गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। पहाड़ भी तपे, सांबा में पारा 46 के पार : मैदानों के साथ पहाड़ भी तप रहे हैं।