उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कराई मुलाकात; सीएम ने किया सम्मान, ‘नारी शक्ति’ की जीत बताया

लखनऊ/आगरा, उत्तर प्रदेश। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर और हाल ही में टी20 महिला वर्ल्ड कप में ‘वूमेन ऑफ द टूर्नामेंट’ रहीं दीप्ति शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात लखनऊ के लोक कल्याण भवन में हुई, जहां दीप्ति अपने परिजनों के साथ पहुंचीं।

डीएसपी की वर्दी में गौरवशाली उपस्थिति

इस ऐतिहासिक मुलाकात के दौरान, दीप्ति शर्मा अपने पुलिस उपाधीक्षक (DSP) की आधिकारिक वर्दी में मौजूद थीं, जो उनकी खेल और प्रशासनिक सेवा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता को दर्शाती है। उनके साथ डीजीपी राजीव कृष्ण और उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।

उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस विश्व विजेता खिलाड़ी और उनके परिजनों की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने किया प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप्ति शर्मा का प्रोत्साहन किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया था, और प्रदेश की योगी सरकार खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए हमेशा संकल्पित है।

“मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश सरकार को अपनी प्रदेश की बेटी पर गर्व है। उन्होंने दीप्ति की जीत को रेखांकित करते हुए कहा: “हमारी बेटियों ने अपने जुनून, मेहनत और अटूट लगन से वह कर दिखाया जो कभी सपना लगता था। यह जीत सिर्फ क्रिकेट की नहीं, बल्कि पूरे भारत की जीत है। महिला वर्ल्ड कप जीतकर इन्होंने दुनिया के सामने नारी शक्ति की नई मिसाल पेश की है।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बढ़ाया हौसला

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस अवसर पर दीप्ति और उनके परिवार का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि दीप्ति ने आगरा की दक्षिण विधानसभा के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम विश्व भर में रोशन किया है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “हमें अपने शहर की बेटी दीप्ति पर गर्व है।

“भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में पहली बार महिला टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा है, जिसमें दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा था।