
शी इज़ ए चेंज मेकर कार्यक्रम के ज़रिए दिया प्रशिक्षण
आगरा। राष्ट्रीय महिला आयोग तथा दीन दयाल उपाध्याय राज्य ग्राम विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में “शी इज़ ए चेंज मेकर” कार्यक्रम का आयोजन आज खंदारी स्थित राव कृष्ण पाल सिंह सभागार में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।इस अवसर पर आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद एवं मैनपुरी जनपदों की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को नेतृत्व, शासन-प्रशासन, अधिकारों एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि आज की महिला किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। उन्हें यदि सही दिशा, अवसर और मार्गदर्शन मिले, तो वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सशक्त संवाहक बन सकती हैं।राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया और साथ ही महिला सशक्तिकरण अभियान में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से समझाया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, राष्ट्रीय महिला आयोग की संयुक्त सचिव बी . राधिका चक्रवर्ती, दीन दयाल उपाध्याय राज्य ग्राम विकास संस्थान की उप निदेशक सरिता गुप्ता, राष्ट्रीय महिला आयोग के परियोजना समन्वयक डॉ. सर्वेश कुमार पांडेय और राष्ट्रीय महिला आयोग के पीपीएस राम अवतार सिंह आदि ने भी विचार व्यक्त किए।