आगरा में शर्मनाक घटना: अधिकारी को पीटने की धमकी से निगम में हड़कंप; मेयर बोलीं- ‘मुझे कोई जानकारी नहीं’

आगरा: रविवार सुबह आगरा के सदर बाजार स्थित एकलव्य स्टेडियम में आयोजित एक मैराथन कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारियों को सकते में डालने वाला एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह के भतीजे हर्ष दिवाकर पर आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सहायक नगर आयुक्त (SNA) अशोक प्रिय गौतम के साथ न केवल गाली-गलौज और हाथापाई की, बल्कि उन्हें और स्वयं नगर आयुक्त को भी खुलेआम पीटने की धमकी दी। सार्वजनिक स्थल पर हुई इस अशोभनीय घटना ने पूरे नगर निगम प्रशासन को हिलाकर रख दिया है।

मैराथन कार्यक्रम में हुआ विवाद

एक मीडिया संस्थान द्वारा आयोजित मैराथन कार्यक्रम में नगर निगम सह-आयोजक था, और SNA अशोक प्रिय गौतम निगम का प्रतिनिधित्व करते हुए ड्यूटी पर थे। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह भी अतिथि के रूप में मौजूद थीं।

अशोक प्रिय गौतम ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई जानकारी में बताया कि महापौर के साथ मौजूद उनके भतीजे हर्ष दिवाकर ने उन्हें देखते ही अपशब्दों का प्रयोग शुरू कर दिया। जब अधिकारी ने विरोध किया, तो हर्ष और उग्र हो गए और कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा, “तुझे ही नहीं, तेरे नगर आयुक्त को भी पीटूंगा!

“इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। SNA गौतम के अनुसार, हर्ष ने उन्हें धक्का दिया, हाथ उठाया और खुली धमकियां दीं। यह पूरी घटना सबके सामने हुई, और उस समय महापौर भी स्टेडियम में उपस्थित थीं। आस-पास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर हर्ष को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।

विवादों से पुराना नाता

हर्ष दिवाकर का नाम पहले भी कई विवादों से जुड़ चुका है: कार्यकारिणी समिति में हंगामा: निर्माण कार्यों की फाइलें क्लियर न होने पर हर्ष ने निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक में घुसकर हंगामा किया था। इस घटना के बाद महापौर को उन्हें बैठक कक्ष से बाहर करना पड़ा था, जिस पर पार्षदों ने उनके अधिकार पर सवाल उठाए थे।

अभियंता को जबरन ले जाना: एक अन्य मामले में, हर्ष और उनके साथियों पर तत्कालीन सहायक अभियंता सोमेश को उनके कार्यालय से जबरन महापौर के कैंप ऑफिस तक ले जाने का आरोप भी लगा था।

पार्षदों की नाराज़गी: भाजपा पार्षद दल की बैठकों में भी हर्ष की उपस्थिति और पार्षदों को निर्देश देने की कोशिश पर कई पार्षद अंदरखाने नाराज़गी व्यक्त कर चुके हैं।

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

सार्वजनिक स्थान पर एक सरकारी अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार और हाथापाई की यह ताज़ा घटना अत्यंत गंभीर मानी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम जल्द ही पुलिस में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।

अधिकारियों का पक्ष

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने पुष्टि की है कि सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने उन्हें स्टेडियम में हुई घटना की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उचित और अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने घटना से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने मीडिया को बताया कि उन्हें भी मीडिया से ही इस घटना की जानकारी मिली है। उनका कहना था कि SNA गौतम कार्यक्रम के दौरान कई घंटों तक उनके साथ थे, लेकिन उन्होंने इस तरह की किसी घटना की सूचना उन्हें नहीं दी। महापौर ने कहा कि अब जब यह मामला उनके संज्ञान में आया है, तो वह सुबह हर्ष दिवाकर और अशोक प्रिय गौतम दोनों से जानकारी लेकर इस मामले की तह तक जाएंगी।