
किरावली के अभुआपुरा में दोस्तों ने पाइप पर गिलास रखकर दागा ‘देसी बम’, भाईदूज की तैयारी कर रही बहन की खुशियां मातम में बदलीं
आगरा: दीपोत्सव के उल्लास के बीच आगरा के किरावली थाना क्षेत्र के अभुआपुरा गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। बीती 22 अक्टूबर की रात, दोस्तों के साथ ‘पाइप गन’ से देसी बम फोड़ने के दौरान हुए तेज धमाके ने 17 वर्षीय छात्र आकाश राणा की जान ले ली। इस भयानक हादसे में गन की नाल पर रखा स्टील का गिलास फट गया और उसका एक टुकड़ा सीधे आकाश के सीने में जा धंसा।
यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है, जो इस लापरवाही और उसके दर्दनाक अंजाम की कहानी बयां करता है।
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे, 11वीं का छात्र आकाश अपने दोस्त लवकुश और अंशु के साथ राणा कोल्ड स्टोर के पास पटाखे फोड़ रहा था। मनोरंजन के लिए, लड़के लोहे की नाल (पाइप) में गंधक-पोटाश भरकर धमाका कर रहे थे, जिसे ‘पाइप गन’ कहा जाता है।लापरवाही की हद तब हुई जब उन्होंने नाल के मुहाने पर स्टील का गिलास रख दिया। जैसे ही गंधक-पोटाश में विस्फोट हुआ, तेज धमाके के साथ स्टील का गिलास चकनाचूर हो गया। गिलास का एक तेज टुकड़ा छिटककर आकाश के सीने में जा लगा। सीने पर हाथ रखकर तड़पते हुए आकाश के गिरते ही उसके दोस्त भी घबरा गए।
दो अस्पतालों से रेफर, फिर मौत की पुष्टिखून से लथपथ आकाश को परिवार वाले आनन-फानन में पास के ट्यूलिप हॉस्पिटल ले गए, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे साकेत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उसे एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भेजा गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया।
थाना किरावली के प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हादसा दोस्तों के खेल-खेल में हुआ। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने मौके से टूटा हुआ स्टील का गिलास बरामद किया है।
भाईदूज की तैयारी कर रही थी छोटी बहन
इस दर्दनाक हादसे के बाद घर में मातम छाया हुआ है। दीपावली के बाद, घर में छोटी बहन सुहाना अपने भाई आकाश को भाईदूज पर तिलक करने की तैयारी कर रही थी। किसी ने सोचा भी नहीं था कि त्योहारों की खुशियां इस तरह एक पल में उजड़ जाएंगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों को आकाश के दिल के पास स्टील का टुकड़ा धंसा हुआ मिला, जो उसकी मौत का कारण बना। बेटे की मौत से बेहाल माता-पिता और छोटे भाई-बहन ने पहले पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया था, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद वे इसके लिए राजी हुए।
गुरुवार शाम को किरावली में कागारौल मार्ग स्थित श्मशान घाट पर आकाश के शव का अंतिम संस्कार किया गया।




