
आगरा– इस साल आगरा के कमला नगर में होने वाला जनकपुरी महोत्सव एक भव्य और अविस्मरणीय आयोजन बनने जा रहा है। इसका मुख्य आकर्षण ‘मिथिला महल’ होगा, जिसे राजस्थान के प्रसिद्ध जोधपुर महल की वास्तुकला से प्रेरित होकर बनाया जा रहा है। इस विशाल संरचना को साकार करने के लिए कोलकाता से 70 से अधिक कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
यह जानकारी रविवार को जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कमला नगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि इस बार जनक मंच को खास तौर पर डिजाइन किया गया है, जिसकी चौड़ाई 250 फीट और ऊंचाई 125 फीट होगी। मंच को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि सड़क से गुजरने वाले लोग भी भगवान राम, माता जानकी और उनके भाइयों के दर्शन आसानी से कर सकें।
घर-घर दीपावली जैसी सजावट और धार्मिक झाँकियाँ
राज्यसभा सांसद और महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक नवीन जैन ने बताया कि इस बार पूरे मिथिला नगरी (कमला नगर) को दीपावली की तरह सजाया जाएगा। इसके लिए समिति के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को इस भव्य सजावट में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हर पार्क, हर ब्लॉक और हर मार्ग पर धार्मिक और राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़ी आकर्षक झाँकियाँ सजाई जाएंगी, जो पूरे महोत्सव के दौरान भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
महोत्सव का कार्यक्रम
महोत्सव समिति ने इस बार एक विस्तृत कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की है:
14 सितंबर: आमंत्रण यात्रा का आयोजन।
15 सितंबर: राजा जनक द्वारा निमंत्रण।
16 सितंबर: मेहंदी की रस्म।
17 सितंबर: सीता जी का डोला भ्रमण।
18 सितंबर: तुलसी-शालिग्राम विवाह।
19 सितंबर: मिथिला महल पर प्रभु के स्वरूपों द्वारा भक्तों को दर्शन।
20 सितंबर: माता जानकी की अश्रुपूर्ण नेत्रों से विदाई।
21 सितंबर: महोत्सव का समापन खाटू श्याम जी की भजन संध्या और सम्मान समारोह के साथ होगा।
इस अवसर पर, जनकपुरी महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक व राज्यसभा सांसद नवीन जैन, मार्गदर्शक व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग, राजा जनक राजेश अग्रवाल और अन्य प्रमुख सदस्यों ने संयुक्त रूप से मिथिला महल के प्रस्तावित स्वरूप का पोस्टर भी जारी किया। इस भव्य आयोजन को लेकर आगरा के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।