विश्व विजेता महिला क्रिकेट टीम से PM मोदी की मुलाकात, दीप्ति ने बताया अपनी ‘आस्था’ का राज; हरलीन के सवाल पर ठहाके

नई दिल्ली: हाल ही में विश्व कप जीतकर लौटी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व विजेता बेटियों ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। यह मुलाकात काफी मजेदार और दिल को छू लेने वाली बातचीत से भरी रही, जिसकी झलक सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। इस दौरान पीएम मोदी ने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ आगरा की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के हाथ पर बने हनुमान जी के टैटू का राज पूछा, जिस पर दीप्ति का जवाब सुनकर वहाँ मौजूद सभी लोग हंसे और भावुक भी हुए।

हनुमान जी के टैटू का ‘राज’ और दीप्ति की ‘आस्था’

बातचीत के दौरान, पीएम मोदी ने दीप्ति शर्मा से सीधा सवाल किया। उन्होंने पूछा, “जो हनुमान जी का टैटू आप लगाकर घूमती हो, उससे कुछ फायदा है?”पीएम के इस सवाल पर दीप्ति शर्मा ने बड़े ही सहज भाव से अपनी आस्था जाहिर की। उन्होंने कहा, “खुद से ज़्यादा मुझे उनके ऊपर विश्वास रहता है। मुझे यह रहता है कि जब किसी मोड़ पर कठिनाइयाँ आती हैं तो वह मुझे इससे बाहर निकालते हैं।

“इस भावुक जवाब पर पीएम मोदी ने भी अपनी सहमति जताई और कहा कि, “आप इंस्टाग्राम पर भी जय श्री राम लिखती हो, जीवन में श्रद्धा बहुत जरूरी है।

टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने भी पीएम को अपनी प्रेरणा का स्रोत बताया।

मैदान पर ‘दादागिरी’ और हरलीन का मजेदार सवाल

पीएम मोदी ने दीप्ति शर्मा से उनके खेल के अंदाज़ को लेकर भी चुटकी ली और पूछा कि मैदान पर क्या उनकी दादागिरी चलती है? इस पर सभी खिलाड़ी और खुद प्रधानमंत्री भी ठहाके मारकर हंसने लगे।

दीप्ति ने मुस्कुराते हुए कहा, “जी ऐसा नहीं है, बस हाँ एक बात ज़रूर है कि मेरे थ्रो पर डर का माहौल ज़रूर रहता है। इसके लिए मेरी खुद टीममेट भी कहती हैं कि थोड़ा आराम से!”

इसी बीच, एक और मजेदार पल तब आया जब बल्लेबाज हरलीन देओल ने पीएम मोदी से उनके चेहरे की चमक का राज पूछ लिया, जिसके बाद वहाँ एक बार फिर हंसी का माहौल बन गया।

पीएम मोदी ने टीम को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी और उन्हें देश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। सभी खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को अपनी ‘नमो जर्सी’ भेंट की।

https://x.com/narendramodi/status/1986290004826415592?t=X5uxBkkyySFvDx8bZvOjog&s=19