
अहिरौली के परसा गांव में खौफनाक मंजर, ईंट से सिर कुचलकर ली जान; गांव वालों पर फेंके शव के टुकड़े
”क्या कोई इंसान इतना क्रूर हो सकता है? कुशीनगर के परसा गांव में एक युवक ने रिश्तों का कत्ल ही नहीं किया, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करते हुए वह काम किया जिसे सुनकर आपका दिल दहल जाएगा…”
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक ऐसी रूहकपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यहाँ के अहिरौली थाना क्षेत्र के परसा गांव में एक युवक ने अपनी ही मां और पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। हत्या की क्रूरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी युवक हत्या के बाद दोनों के शवों की खोपड़ी से मांस निकालकर खाने लगा। जब ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह छत से उन पर मांस के टुकड़े फेंकने लगा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब और गांजे की लत ने बनाया ‘हैवान’
आरोपी की पहचान 30 वर्षीय सिकंदर गुप्ता के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, सिकंदर नशा (शराब और गांजा) करने का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता था। वह मुंबई में शटरिंग का काम करता था और करीब एक महीने पहले ही गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि रविवार को अपनी ससुराल से लौटते वक्त भी उसने रास्ते में पत्नी प्रियंका (28) के साथ मारपीट की थी। देर रात विवाद बढ़ने पर उसने अपनी मां रूना देवी (60) और पत्नी की जान ले ली।

हत्या का खौफनाक तरीका: ईंट से कुचला सिर
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, सिकंदर ने पहले घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया ताकि कोई बीच-बचाव न कर सके। इसके बाद उसने घर की छत पर अपनी पत्नी को सीमेंट की ईंट से मारना शुरू किया। जब उसकी मां रूना देवी अपनी बहू को बचाने पहुंची, तो सनकी सिकंदर ने लाठी-डंडों और उसी ईंट से हमला कर मां का भी सिर कुचल दिया।
रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर: शव के पास बैठकर खाया मांस
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी छत पर ही बैठ गया। शोर सुनकर जब गांव वाले जुटे, तो उन्होंने देखा कि सिकंदर दोनों शवों के पास बैठकर मांस के टुकड़े खा रहा था। भीड़ को देखकर वह भड़क गया और छत से ही लोगों पर मांस के टुकड़े फेंकने लगा। यह मंजर देखकर पूरे गांव में दहशत फैल गई।
पुलिस की कार्रवाई: सिपाही ने जान पर खेलकर पकड़ा
सूचना मिलते ही अहिरौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर सिकंदर ने छत से कूदने की धमकी दी। स्थिति को भांपते हुए पुलिसकर्मी पड़ोसी की छत के रास्ते पीछे से पहुंचे।
एक सिपाही ने उसे पीछे से दबोच लिया, जिसके बाद वह पुलिस से भी भिड़ गया। आखिरकार पुलिस उसे काबू कर नीचे लाई और थाने ले गई।
परिवार में छाया मातम
सिकंदर चार बहनों का इकलौता भाई है। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। उसकी बहनों और ससुराल वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। आरोपी की बहन प्रतिभा ने अपने ही भाई के खिलाफ थाने में तहरीर दी है, जिसके आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।




