जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश; 27 दिसंबर को जनपद के समस्त राजकीय कार्यालयों में रहेगी छुट्टी

आगरा।सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती के पावन अवसर पर ताजनगरी आगरा में कल यानी 27 दिसंबर 2025 (शनिवार) को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, इस दिन जनपद के सभी राजकीय कार्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे।

यह निर्णय उत्तर प्रदेश शासन के कार्यकारी आदेशों के तहत लिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने और स्थानीय नागरिकों को पर्व में सम्मिलित होने की सुविधा प्रदान करना है।

इन पर लागू होगा आदेश

आदेश के मुताबिक, आगरा जनपद की सीमा में आने वाले सभी सरकारी विभाग, प्रशासनिक कार्यालय और अन्य राजकीय संस्थान शनिवार को कार्य नहीं करेंगे। हालांकि, आपातकालीन सेवाएं और आवश्यक कार्यों से जुड़े विभाग अपनी कार्ययोजना के अनुसार खुले रह सकते हैं।

चूँकि शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है और अगले दिन रविवार है, ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को लगातार दो दिनों की छुट्टी का लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश केवल राजकीय कार्यालयों के लिए है, निजी संस्थानों को अपने स्तर पर निर्णय लेने की छूट होगी।