संस्कार भारती आगरा द्वारा संविधान के अमृत काल पर संगोष्ठी और ‘मन की पीर’ काव्य कृति का भव्य विमोचन संपन्न

आगरा। केंद्रीय हिंदी संस्थान स्थित अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय सभागार रविवार को एक वैचारिक और सांस्कृतिक संगम का साक्षी बना। मौका था संस्कार भारती जिला इकाई आगरा द्वारा आयोजित ‘संविधान के 75 वर्ष’ के उपलक्ष्य में विशेष संगोष्ठी और वरिष्ठ साहित्यकार राजबहादुर सिंह ‘राज’ की काव्य कृति “मन की पीर” के विमोचन का।

संस्कारों का स्रोत हैं पुस्तकें: प्रो. कुलकर्णी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और केंद्रीय हिंदी संस्थान के निदेशक प्रोफेसर सुनील बाबूराव कुलकर्णी ने काव्य कृति का विमोचन करते हुए साहित्य और संस्कारों के अंतर्संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “शब्दों का संग्रह महज लेखन नहीं, बल्कि एक गहरी साधना है। आज के डिजिटल और सोशल मीडिया प्रधान युग में ज्ञान तो हर जगह उपलब्ध है, लेकिन जीवन के संस्कार केवल पुस्तकों से ही मिलते हैं। पुस्तकों की प्रासंगिकता सार्वकालिक और सार्वभौमिक है।

“पुस्तक के गीत “अब तो सांझ ढलने को है” की लीना परमार द्वारा दी गई संगीतमय प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जब शब्दों को संगीत का सानिध्य मिलता है, तो उनका प्रभाव कई गुना बढ़ जाता है।

संविधान और भारतीय परंपरा

मुख्य वक्ता अनंत चौहान विश्वेंद्र ने संविधान की मूल भावना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने भारतीय परंपराओं, प्राचीन इतिहास और संस्कृति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी। उन्होंने कहा, “भारतीयता का नागरिक बोध में प्रतिष्ठित होना ही हमारे संविधान का वास्तविक और मूल उद्देश्य है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. पंकज नागायच, जय सिंह नीरद, सुभाष चंद्र अग्रवाल और वरिष्ठ प्रचारक बांकेलाल द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। भावना की सरस्वती वंदना और गुरप्रीत कौर, वंदना वरुण सहित अन्य सदस्यों द्वारा प्रस्तुत संस्कार भारती के ध्येय गीत ने वातावरण को नई ऊर्जा प्रदान की।

प्रमुख उपस्थिति और आभार

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत प्रांतीय कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, डॉ. मनोज पचौरी और ई. प्रखर अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया। इस गरिमामयी आयोजन में डॉ. अंशु अग्रवाल, डॉ. केशव शर्मा, विजय कुमार गोयल और डॉ. ममता बंसल सहित शहर के कई गणमान्य साहित्यकार व बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री यतेन्द्र सोलंकी ने किया और जिलाध्यक्ष रामावतार यादव ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।