
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। शनिवार सुबह खंदौली थाना क्षेत्र के जलेसर रोड पर एक बेलगाम ट्रक ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जगन्नाथ पुरी के दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे दो ऑटो को एक तेज रफ्तार ट्रक ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस भीषण हादसे में अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
100 की रफ्तार और नशे में धुत ड्राइवर: प्रत्यक्षदर्शियों की आपबीती
चश्मदीदों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे जलेसर रोड पर मौत बनकर दौड़ रहे एक ट्रक ने दो टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा से भी अधिक थी और वह सड़क पर लहराते हुए आ रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ट्रक चालक नशे की हालत में था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ऑटो लगभग 50 मीटर तक ट्रक के साथ घिसटता चला गया। इसके बाद ट्रक ने दूसरे ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही दोनों ऑटो हवा में करीब 10 फीट ऊपर उछले और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गया।
जगन्नाथ पुरी के दर्शन कर लौट रहे थे ग्रामीण
हादसे का शिकार हुए सभी लोग हाथरस जिले के थाना सहपयू अंतर्गत भादउ गांव के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, बिजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह (रिटायर्ड दारोगा), बिल्ला मिस्त्री, धनप्रसाद, विजय सिंह, उदयवीर सिंह और रामदत्त समेत कुल 8 लोग 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी की यात्रा पर गए थे।
पवित्र दर्शन के बाद सभी शनिवार को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से अपने गांव जाने के लिए उन्होंने दो ऑटो बुक किए। नियति का खेल देखिए कि एक साथी रामदत्त रास्ते में दवा लेने के लिए उतर गए, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन बाकी साथी इस काल का ग्रास बन गए।
पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन का बयान
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस और एडीसीपी आदित्य कुमार मौके पर पहुंचे। एडीसीपी ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। वहीं, एडिशनल सीपी राम बदन सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा,
“यह एक बेहद दुखद घटना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ओवरटेकिंग और ट्रक की तेज रफ्तार हादसे का कारण बनी। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है ताकि नशे की पुष्टि हो सके।
“घटनास्थल पर मचा कोहराम, ग्रामीणों ने की चालक की पिटाई
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर मौजूद भीड़ ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। घटनास्थल की तस्वीरें रूह कपाने वाली थीं; सड़क पर चारों ओर खून बिखरा था और टेंपो की छत उड़कर पेड़ से जा टकराई थी।
मृतकों और घायलों की स्थिति
इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौके पर और एक की अस्पताल ले जाते समय मौत होने की खबर है। मृतकों में रणवीर सिंह (रिटायर्ड दारोगा) भी शामिल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल धनप्रसाद और विजय सिंह का इलाज चल रहा है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आगरा का यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर दौड़ते “यमराज” यानी तेज रफ्तार भारी वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े करता है। एक तरफ जहां श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर नई ऊर्जा के साथ घर लौट रहे थे, वहीं एक चालक की लापरवाही ने कई परिवारों को उम्र भर का गम दे दिया।




