
आगरा। रेलवे ने अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन हेतु जाने वाले श्रद्धालुओं को आज सुबह बड़ी सौगात दी। आज से अयोध्या-भावनगर साप्ताहिक ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने ईदगाह रेलवे स्टेशन पर एक भव्य समारोह में अयोध्या जाने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

आज सुबह करीब 6.30 बजे भावनगर से यह साप्ताहिक ट्रेन ईदगाह रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहां मौजूद रेल मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित यात्रियों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल ने चालक दल का माला पहनाकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रो. बघेल ने ट्रेन को अयोध्या के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि इस ट्रेन सेवा के प्रारंभ होने से जयपुर, कानपुर, लखनऊ, गांधीनगर और भावनगर जैसे प्रमुख नगरों की यात्रा और अधिक सुलभ हो जाएगी। यह साप्ताहिक ट्रेन गाड़ी संख्या 09201/2 और 19201/02 के रूप में संचालित की जाएगी तथा आगरा ईदगाह एवं टूंडला स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा। जिससे आगरा एवं आसपास के लाखों नागरिकों को इस ट्रेन का सीधे लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से पर्यटन और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलेगा। इस सेवा से न केवल धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय संपर्क भी और अधिक सशक्त होगा।