उप परिवहन आयुक्त विदिशा सिंह के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, आईडी कार्ड पहनकर मुस्तैद दिखे कर्मचारी, आम जनता को गेट के बाहर रोका गया

आगरा। ताजनगरी के संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उप परिवहन आयुक्त विदिशा सिंह औचक निरीक्षण के लिए पहुंचीं। खास बात यह रही कि मैडम के कदम रखने से पहले ही कार्यालय की तस्वीर पूरी तरह बदली हुई नजर आई। जो दलाल आमतौर पर कार्यालय के गलियारों में डेरा जमाए रहते हैं, वे गायब थे और अव्यवस्थाओं की जगह साफ-सफाई और अनुशासन दिखाई दिया।

साहब’ के आने की खबर से बदला नजारा

आगरा आरटीओ में यह चर्चा कई दिनों से गर्म थी कि उच्चाधिकारी निरीक्षण के लिए आ सकते हैं। यही कारण था कि बुधवार दोपहर 12:30 बजे जब उप परिवहन आयुक्त कार्यालय पहुंचीं, तो नजारा रोज से बिल्कुल अलग था। अमूमन बिना आईडी कार्ड के घूमने वाले कर्मचारी गले में पहचान पत्र लटकाए अपनी सीटों पर मुस्तैद दिखे। कार्यालय परिसर, जहां पैर रखने की जगह नहीं होती थी, वहां एकदम सन्नाटा पसरा हुआ था।

जनता को किया गया बाहर, खाली दिखे पटल

हैरानी की बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कार्यों के लिए आने वाले आवेदकों को पटल (Counter) से दूर कर दिया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निरीक्षण के डर से विभाग ने आम लोगों को गेट के बाहर ही रोक दिया ताकि अंदर भीड़ न दिखे। जहां रोजाना सैकड़ों लोग कतारों में खड़े रहते हैं, वहां इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। अधिकांश लोग मुख्य गेट के बाहर खड़े होकर निरीक्षण खत्म होने का इंतजार करते दिखे।

डिजिटल प्रक्रिया पर जोर: अब दलालों की जरूरत नहीं

निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए उप परिवहन आयुक्त विदिशा सिंह ने कहा कि परिवहन विभाग की सेवाओं को अब काफी सरल और पारदर्शी बना दिया गया है। उन्होंने बताया:

ऑनलाइन आवेदन: लोग अब जनसुविधा केंद्रों या सारथी पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं।

टेस्ट प्रक्रिया: आवेदन के बाद केवल टेस्ट की प्रक्रिया के लिए ही कार्यालय आने की आवश्यकता होती है।

शिकायत निवारण: यदि किसी भी आवेदक को कार्य कराने में कोई समस्या आती है, तो वे सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटल प्रभारियों को लंबित फाइलों का जल्द निपटारा करने और आवेदकों को अनावश्यक परेशान न करने के कड़े निर्देश दिए।