सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला, भक्तों को किया गया निराश; धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर दिया संदेश

आगरा: बागेश्वर धाम के प्रमुख, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आगरा में होने वाला कार्यक्रम शनिवार को अचानक रद्द कर दिया गया। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी, जिसके बाद आयोजकों और हजारों भक्तों को भारी निराशा हुई। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर केवल 5,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी, जबकि 20,000 से ज्यादा भक्त पहुंच गए, जिससे स्थिति अनियंत्रित हो सकती थी।

कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी भारी भीड़

पंडित धीरेंद्र शास्त्री शनिवार सुबह 11:30 बजे ही आगरा पहुंच गए थे और उन्हें दोपहर 1 बजे राज देवम गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था। उन्हें यहां भक्तों को दो घंटे तक आशीर्वाद देना था। लेकिन, सुबह 12 बजे ही प्रशासन ने कार्यक्रम स्थगित करने का लेटर जारी कर दिया। बताया गया कि कार्यक्रम के लिए पहले तारघर मैदान को चुना गया था, लेकिन बारिश के कारण इसे राज देवम गार्डन में शिफ्ट किया गया था।

धीरेंद्र शास्त्री ने जारी किया वीडियो संदेश

कार्यक्रम रद्द होने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा, “हमें सूचना मिली कि कार्यक्रम स्थल पर बहुत ज्यादा भीड़ पहुंच गई है, जिसके चलते प्रशासन ने अनुमति कैंसिल कर दी। हम कानून को हाथ में नहीं ले सकते। हम चाहते हैं कि हमारे भक्तों को कोई चोट या परेशानी न हो, और धाम पर भी कोई सवाल न उठे। इसलिए हम सभी से अनुरोध करते हैं कि आप लोग परेशान न हों। हम जल्द ही आगरा आकर दरबार लगाएंगे।

”वीडियो में उन्होंने आयोजक पुष्कल गुप्ता का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने रात-भर मेहनत करके बारिश के बाद कार्यक्रम के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की थी। लगभग 4 घंटे तक शहर में रहने के बाद, धीरेंद्र शास्त्री ने दिल्ली के लिए प्रस्थान किया, जहां जाने से पहले उन्होंने अपने यजमान के घर के बाहर खड़े भक्तों का अभिवादन स्वीकार किया।