फिरोजाबाद के पास 56वें किमी पर हुई घटना; सूझबूझ से बची मंत्री की जान, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त

लखनऊ/फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य (Baby Rani Maurya) शुक्रवार देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बच गईं। यह हादसा तब हुआ जब एक अनियंत्रित ट्रक उनके सरकारी वाहन से जा टकराया, जिससे मंत्री का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य अपने प्रभारी जनपद हाथरस में विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद लखनऊ के लिए प्रस्थान कर रही थीं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद जनपद के समीप 56वें किलोमीटर के पास उनके काफिले के साथ यह दुर्घटना हुई।

ट्रक का टायर फटने से हुआ हादसा

बताया जाता है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहाँ एक्सप्रेसवे पर किसी कारणवश दोनों तरफ का यातायात (Traffic) केवल एक ही मार्ग से संचालित किया जा रहा था। मंत्री की फॉर्च्यूनर (Fortuner) गाड़ी के आगे एक ट्रक चल रहा था। अचानक ट्रक का टायर फट गया, जिसके कारण वह अनियंत्रित हो गया और सीधे मंत्री के वाहन से जा टकराया।

यह टक्कर इतनी भयानक थी कि फॉर्च्यूनर गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्वयं मंत्री बेबी रानी मौर्य ने पुष्टि करते हुए बताया, “एक्सप्रेसवे पर ट्रक का टायर फटने के बाद अनियंत्रित हुए ट्रक के हमारे वाहन से टकराने के उपरांत, जिसमें मैं स्वयं बैठी थी, वह वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है।

चालक की सूझबूझ ने बचाई जान

हादसे के समय मंत्री के फॉर्च्यूनर चालक ने अत्यंत सूझबूझ का परिचय दिया और तत्काल प्रभाव से हालातों को काबू में करने का पूरा प्रयास किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और मंत्री महोदया की जान सुरक्षित रही।

इस घटना ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर यातायात नियंत्रण और भारी वाहनों की गति सीमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।