
बीएससी, बीए, बीकॉम, बीबीए/बीसीए, बायोटेक के लिए 10 अक्टूबर से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
आगरा, आगरा कॉलेज, आगरा के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा ने सत्र 2025-26 के लिए स्नातक प्रथम वर्ष की सीटों में 33 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दे दी है। इन बढ़ी हुई सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए कॉलेज प्रशासन ने विस्तृत काउंसलिंग कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सीटों की संख्या बढ़ने से कई और पात्र अभ्यर्थियों को कॉलेज में प्रवेश का मौका मिलेगा। यह काउंसलिंग कॉलेज स्तर पर आयोजित की जा रही है।
मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे के बीच कॉलेज में उपस्थित हों। काउंसलिंग में शामिल होने के लिए सभी आवश्यक मूल प्रमाणपत्रों को साथ लाना अनिवार्य है ताकि प्रवेश प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की जा सके।




