
पूजा सिंह और शैल्वी तोमर को भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) में मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण का मौका
आगरा। शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में आगरा कॉलेज ने एक बार फिर अपनी धाक जमाई है। कॉलेज के सांख्यिकी विभाग की दो होनहार छात्राओं, पूजा सिंह और शैल्वी तोमर, का चयन प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय इंटर्नशिप इन ऑफिसियल स्टैटिस्टिक्स’ (National Internship in Official Statistics) के लिए हुआ है। यह चयन भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के तहत आने वाले राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) द्वारा किया गया है।
स्टाइपेंड के साथ मिलेगा अनुभव
विशेष बात यह है कि छात्राओं का यह चयन स्टाइपेंड के साथ किया गया है। चयनित छात्राओं में पूजा सिंह (एम.एससी. सांख्यिकी सत्र 2022–24) और शैल्वी तोमर (एम.एससी. सांख्यिकी सत्र 2024–26) शामिल हैं। इस इंटर्नशिप के दौरान उन्हें सरकारी डेटा के संग्रह, आधिकारिक सांख्यिकी के प्रबंधन और डेटा विश्लेषण की बारीकियों को समझने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
कॉलेज प्रशासन ने दी बधाई
छात्राओं की इस गौरवशाली उपलब्धि पर आगरा कॉलेज में हर्ष का माहौल है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम ने इसे विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता का परिणाम बताया। सांख्यिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दिग्विजय पाल सिंह ने कहा कि ऐसी इंटर्नशिप से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से हटकर वास्तविक दुनिया के डेटा के साथ काम करने का अवसर मिलता है, जो उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. रोहित पटवा, ललिता सिंह और मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक ने भी दोनों छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।




