आगरा। देश के अलग-अलग हिस्सों में हमारे युवाओं की प्रतिभा और क्षमता के एक से एक अविश्वसनीय उदाहरण मिलते हैं। आज भी गणित से लेकर विज्ञान तक, जब दुनिया के मंचों पर प्रतियोगिताएं होती हैं, तो भारतीय युवाओं की काबिलियत विश्व को विस्मित कर देती है। यह कहना है राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान का।

वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद आगरा महानगर द्वारा राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस सप्ताह के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर कमला नगर में आयोजित विचार गोष्ठी में बोल रहीं थीं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया कह रही हैं कि यह सदी भारत की सदी है। यह भारत के युवाओं की सदी है। ऐसे में यह जरूरी है कि हम वर्तमान से दस कदम आगे की सोचें। हमारी सोच, हमारी अप्रोच फ्यूचरिस्टिक हो। यह जरूरी है कि युवा आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए सकारात्मक कार्य करें और विश्व के आधुनिक देशों से भी आगे चलें।

कार्यक्रम का शुभारंभ अभाविप के राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, प्रांतमंत्री अंकित पटेल, प्रमुख समाजसेवी उमंग जैन, महानगर मंत्री शिवांग खंडेलवाल, नगर अध्यक्ष प्रवीन प्रताप सिंह, नगर मंत्री प्रथम गोयल ने युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद और ज्ञान की देवी मां शारदे के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर किया। नगर अध्यक्ष प्रवीन प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की रूप रेखा रखी।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ब्रज प्रान्त मंत्री अंकित पटेल ने परिषद की 77 साल की यात्रा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज अभाविप की आवाज़, भारत के युवाओं की आवाज़ का प्रतिनिधित्व कर रही है। विद्यार्थी परिषद ने खुद को कभी दलगत राजनीति का हिस्सा नहीं बनाया। आज भी छात्र हितों की बात जहां आती है अभाविप प्रखरता से उसके समाधान हेतु कार्य करती है।

कार्यक्रम अध्यक्षता समाज सेवी उमंग जैन ने की। धन्यवाद ज्ञापन महानगर मंत्री शिवांग खंडेलवाल ने दिया। मंच संचालन हिमांशी माहौर ने किया ।कार्यक्रम में मुख्य रूप से महानगर संगठन मंत्री गौरव यादव, राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य शुभम कश्यप, आकाश शर्मा, सुब्रत हरदेनिया, सुमित शर्मा, उमंग तिवारी, श्वेता गोयल, माही सिंह, मनीष बघेल, लक्की बंसल ,ट्विंकल जैन, पीयूष त्रिपाठी, दीक्षा चौधरी आदि उपस्थित रहे। बाद में शोभायात्रा भी निकाली गई।